धमतरी :- जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुरूद पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 21.51 ग्राम हेरोइन के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक यह अब तक की हेरोइन के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेघा रोड स्थित इन्वेन्चर स्कूल तिराहे के पास कुछ लोग हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 21.51 ग्राम हेरोइन, नकदी, दो बाइक और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3.65 लाख रुपये बताई गई है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 2 हजार रुपये है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो धमतरी और एक कुरूद निवासी बताया गया है। पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के बाद तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया है।

