सूरजपुर:- एक पति ने अपनी पत्नी को जहर खिलाकर मौत के घाट उतार दिया. ये पूरा मामला रामानुजनगर थाना क्षेत्र का है, जहां कोरिया जिले के अंगा गांव की रहने वाली आरती का विवाह 5 साल पूर्व रामानुजनगर विकासखंड के लेडुवा गांव के रहने वाले दिनेश साहू से हुआ था.
महिला को जहर खिलाने का आरोप
आरोपी पति दिनेश ने बीते दिनों अपनी पत्नी आरती को मारपीट कर जहर खिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. मृतका के पिता ने बताया कि घटना के दिन आरोपी दामाद ने फोन कर बताया कि तुम्हारी बेटी से तंग आ गया हूं. अपनी बेटी को ले जाओ. पिता ने एक घंटे में पहुंचने की बात कही.
जब पिता घर से निकलने लगा तो आरोपी दामाद ने दोबारा फोन कर कहा कि तुम्हारी बेटी ने जहर खा लिया है. जिला हॉस्पिटल लेकर जा रहे हैं. इसके बाद पिता सूरजपुर स्थित जिला हॉस्पिटल पहुंचे, जहां उनकी बेटी बेहोश थी. वहीं देर रात होश आने पर बेटी ने पिता को पति द्वारा मारपीट कर जहर खिलाने की बात बताई. आरती की तबीयत बिगड़ने पर उसे अम्बिकापुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

