एमसीबी :- जिले के खड़गवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत पति-पत्नी की विवाद में खाना बनाने में हुई देरी से नाराज पति ने अपनी पत्नी पर फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी हालत बिगड़ने पर मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के बच्चों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया ।
पूरा मामला खड़गवां थाना क्षेत्र के ग्राम गिद्धमुड़ी का है। पुलिस ने बताया कि 52 वर्षीय रंजीत सिंह गौड़, पिता रामलाल गौड़, ने 3 सितंबर को अपनी 50 वर्षीय पत्नी लक्ष्मणिया बाई से खाना मांगा था। पत्नी ने बताया कि खाना अभी बन रहा है और तैयार होते ही दे देगी। लेकिन इतनी सी बात पर पति भड़क गया और खाना तैयार नहीं होने को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया और गाली-गलौज करते हुए पास में रखा फावड़ा उठा लिया।
पति रंजीत सिंह गौड़ ने फावड़े से पत्नी लक्ष्मणिया बाई पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन तत्काल उसे खड़गवां अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन महिला को बैकुंठपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां से भी रेफर किए जाने के बाद इलाज के दौरान 4 सितंबर को लक्ष्मणिया बाई की मौत हो गई।महिला की मौत के बाद उसी रात उसके बच्चों ने खड़गवां थाना पहुंचकर अपने पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी रंजीत सिंह गौड़ के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया।

