कोरबा:- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया, जहां शराब के नशे में एक युवक करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। युवक को इतनी ऊंचाई पर बैठा देखकर गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। घटना करतला थाना क्षेत्र की है। पुलिस और प्रशासन की टीम ने करीब 6 घंटे तक युवक को समझाया, जिसके बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आया। हालांकि, युवक ने इतनी ऊंचाई पर चढ़ने का कारण अभी स्पष्ट नहीं बताया है।
अचानक टॉवर पर चढ़ने लगा युवक जानकारी के अनुसार युवक की पहचान देव सिंह राठिया के रूप में हुई है। वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह शराब के नशे में था। रविवार दोपहर अचानक वह गांव के पास लगे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ने लगा। देखते ही देखते वह करीब 150 फीट ऊंचे टॉवर के ऊपरी हिस्से तक पहुंच गया। युवक को टॉवर पर चढ़ा देख उसकी पत्नी, बच्चे और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सभी ने नीचे से आवाज लगाकर उसे उतरने के लिए समझाया, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुआ।
कभी ऊपर जाता तो कभी नीचे आता रहा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक काफी देर तक टॉवर पर ही बैठा रहा। वह कभी ऊपर की ओर जाता तो कभी थोड़ा नीचे आता और फिर दोबारा ऊपर चढ़ जाता। परिजनों और ग्रामीणों ने उससे टॉवर पर चढ़ने की वजह पूछी, लेकिन उसने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। हाईटेंशन लाइन के कारण उसकी जान को खतरा बना हुआ था।
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही करतला थाना प्रभारी गणेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार को भी मौके पर बुलाया गया। हाईटेंशन टॉवर में हजारों वोल्ट का करंट प्रवाहित होने के कारण पुलिस और प्रशासन की टीम ने बेहद सावधानी के साथ युवक को नीचे उतरने के लिए समझाना शुरू किया। अधिकारियों और परिजनों ने लगातार उससे बातचीत की और उसे सुरक्षित नीचे आने के लिए मनाने का प्रयास किया।
6 घंटे बाद नीचे उतरा
युवक काफी देर तक चले समझाइश के बाद आखिरकार युवक नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया। करीब 6 घंटे बाद जब वह सुरक्षित जमीन पर पहुंचा तो मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस ने युवक को सुरक्षित हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में उसके शराब के नशे में होने की बात सामने आई है।

