सरगुजा:- आबकारी उड़नदस्ता टीम को गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। टीम ने उड़ीसा से गांजा लाकर सप्लाई करने वाले पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई सीतापुर थाना क्षेत्र के जजगा पुलिया के पास की गई, जहां से आरोपी दंपति के कब्जे से 22.6 किलो गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी रूपनाथ यादव और उसकी पत्नी इच्छा यादव टीवीएस जूपिटर से गांजा लेकर सप्लाई के लिए पहुंचे थे। संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े दंपति पर आबकारी टीम को शक हुआ, जिसके बाद पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने बोरियों में गांजा होना स्वीकार कर लिया। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया।
आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि छत्तीसगढ़ में आने वाला लगभग 90 फीसदी गांजा उड़ीसा से तस्करी कर लाया जाता है। उन्होंने कहा कि अवैध नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी अभियान जारी रहेगा।

