बिलासपुर:- बिलासपुर-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर रतनपुर थाना क्षेत्र के छोटू ढाबा के पास शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसे में सड़क पर सफाई कर रही एक महिला मजदूर की ट्रेलर के नीचे दबने से मौत हो गई। गिट्टी से लदा तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया और उसकी चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
महिला की घटनास्थल पर ही मौत
रतनपुर थाने में पदस्थ एसआई विष्णु यादव ने बताया कि भरवीडीह निवासी महिमा कोसले (32) नेशनल हाईवे पर सड़क की सफाई और रखरखाव का काम करती थीं। शनिवार की दोपहर बिलासपुर की ओर से आ रहा गिट्टी से लदा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रेलर सड़क पर पलट गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि महिमा को संभलने या वहां से हटने का मौका तक नहीं मिला। ट्रेलर की चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

