दुर्ग :- दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में महिला केयरटेकर ने प्रेम में अंधी होकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. इस मामले में पुलिस ने आरोपी युवती और उसके ब्वॉयफ्रेंड को गिरफ्तार किया है. इस अनोखे मामले में जब पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो पता चला कि ब्वॉयफ्रेंड की मदद करने के लिए उसने ऐसा किया.फिलहाल पुलिस ने चोरी की रकम बरामद कर ली है.
महिला केयरटेकर ने की चोरी
बॉयफ्रेंड की आर्थिक मदद करने के लिए एक युवती ने उसी घर में चोरी कर ली, जहां वह पिछले दो साल से केयरटेकर और घरेलू सहायक के रूप में काम कर रही थी. पुलिस ने आरोपी महिला और उसके प्रेमी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है.एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि सूर्या विहार कॉलोनी जुनवानी निवासी रोहन कुखरानिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी वृद्ध मां की देखभाल के लिए वर्ष 2024 में ममता चौहान को लाइफ होम केयर सर्विस के माध्यम से रखा था.
तकनीकी मदद से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर ममता और उसके प्रेमी शीतल वर्मा को रायपुर से गिरफ्तार किया. पूछताछ में ममता ने बताया कि उसके प्रेमी को पैसों की जरूरत थी और उसी के कहने पर उसने चोरी की थी. पुलिस ने आरोपियों के पास से 23 हजार 500 रुपए नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं. दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.

