महासमुंद:- ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने सर्चिंग के दौरान 120 किलो 60 ग्राम गांजा बरामद किया है. सिंघोड़ा पुलिस ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास एक कंटेनर वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें चार प्लास्टिक बोरियों में बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था. बरामद गांजे की कीमत करीब 60 लाख 3 हजार रुपये बताई गई है.
ओडिशा से गुजरात जाने की थी तैयारी
पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक कंटेनर में गांजे की खेप छत्तीसगढ़ के रास्ते गुजरात ले जाई जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस ने रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध कंटेनर क्रमांक CG06 AV 4815 को रोका.
2 गुजरात के आरोपी गिरफ्तार
वाहन में सवार दो लोगों से पूछताछ के बाद कंटेनर की तलाशी ली गई, जिसमें 120.060 किलो गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने मामले में वसीम शाह (38 साल) निवासी नडियाद, जिला खेड़ा गुजरात और अय्युब खान (56 साल) निवासी बोरसद, जिला आनंद, गुजरात को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में आरोपियों ने गांजा संबलपुर, ओडिशा से गुजरात ले जाने की बात बताई है.
