कोरिया:- ग्राम जिल्दा में बुधवार को आदिम जाति सहकारी समिति के द्वारा बांटे जाने वाले खाद में गड़बड़ी की शिकायत मिली. शिकायत मिलने के बाद किसान और अधिकारी मौके पर पहुंचे. जिसके बाद मौके से समिति प्रबंधक फरार हो गया. जिला प्रशासन की टीम ने कल सील किए गए 4 गोदाम की आज जांच की. जांच में कई गड़बड़ियां उजागर हुई हैं. जिसमें सील गोदाम में रखे गए स्टॉक में भारी अंतर मिला है. इसके साथ कागजों में कई अनियमितता भी उजागर हुई है.
सील गोदामों के स्टॉक में मिली गड़बड़ी
गड़बड़ी की शिकायत सही पाए जाने पर आज तहसीलदार, कृषि विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम की मौजूदगी में सील खोली गई और गोदामों का निरीक्षण किया गया. जांच के दौरान जो खुलासे हुए उसने अधिकारियों को भी चौंका दिया. शुरुआती जांच में खाद के स्टॉक में भारी अंतर पाए जाने की बात सामने आई है. निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा गोदाम सील किए जाने के बाद रातों-रात एक नए गोदाम में खाद भरकर रखा गया है. ग्रामीणों ने इसके प्रमाण के तौर पर गोदाम के बाहर और जमीन पर बिखरी खाद भी अधिकारियों को दिखाई है.
किसानों ने लगाया गंभीर आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि किसानों के लिए आने वाले खाद की कालाबाजारी लंबे समय से हो रही थी. जब मामला उजागर हुआ तो स्टॉक छिपाने की कोशिश की गई. प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी और आक्रोश भी देखा जा रहा है. कई ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

