रायपुर :- कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को जनदर्शन कार्यक्रम में पत्नी और दो बच्चो के साथ अपनी शिकायत लेकर पहुंचे एक शख्स ने मिट्टी तेल छिड़ककर आत्मदाह करने की कोशिश की।इस घटना से कलेक्टर परिसर में हड़कंप मच गया।मौके पर मौजूद अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
युवक की पहचान रोहित सोनी के रूप में हुई है, जो धमतरी शहर के पोस्ट ऑफिस वार्ड स्थित साई बाबा मंदिर के पास का निवासी है।रोहित ने कहा कि वह और उसका परिवार पिछले करीब 60 वर्षों से बढ़ेश्वर महादेव मंदिर के समीप अपने मकान में निवास कर रहे हैं।रोहित सोनी ने आवेदन में आरोप लगाया है कि जब वह अपने मकान का निर्माण कार्य करा रहा था, तब 10 से 20 लोगों का समूह उसके निर्माणाधीन घर में घुस आया और काम बंद करा दिया।आरोप है कि उसे घर छोड़कर कहीं और चले जाने के लिए दबाव बनाया गया।
आवेदन में रोहित ने भाजपा पार्षद निलेश लुनिया और उनके कुछ साथियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पार्षद और उनके समर्थक लगातार उस पर घर खाली करने का दबाव बना रहे हैं।युवक का आरोप है कि उसे कहा गया कि “भाजपा की सरकार है और मैं भाजपा का नेता हूं, जहां जाना है जाओ, मैं देखता हूं तुम यहां कैसे रहते हो।”पीड़ित का यह भी आरोप है कि उसके घर आने-जाने के रास्ते को खोदकर गड्ढा बना दिया गया है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।रोहित ने कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में परिवार सहित इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी है।

