बिलासपुर:- बिल्हा थाना क्षेत्र में फल दुकान खोलने जा रहे एक बुजुर्ग पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले अश्लील गाली-गलौज की और फिर जान से मारने की धमकी देते हुए बुजुर्ग के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।
मामला बरतोरी गांव का है। पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक 9 सितंबर की सुबह करीब साढ़े 8 बजे सुखरू राम जायसवाल अपने भतीजे दुर्गेश जायसवाल के साथ फल की दुकान खोलने के लिए पैदल जा रहे थे। इसी दौरान राकेश ऑटो पार्ट्स के सामने ग्राम झाल निवासी रामानुज कौशिक उनके सामने आ गया। आरोप है कि रामानुज ने बुजुर्ग से अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए कुल्हाड़ी से उनके सिर पर वार कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो सुखरू राम के सिर से खून निकल रहा था। उन्हें तत्काल अपने साधन से सीएचसी बिल्हा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना को बुजुर्ग के बेटे देव कुमार, बड़े बेटे जागेश्वर और पोते दुर्गेश समेत मौके पर मौजूद अन्य लोगों द्वारा देखे जाने की बात शिकायत में कही गई है।
प्रार्थी देव कुमार जायसवाल की रिपोर्ट पर बिल्हा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 296, 115(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और हमले के पीछे की वजह भी जांची जा रही है। सुबह-सुबह फल दुकान खोलने निकले बुजुर्ग पर बीच रास्ते कुल्हाड़ी से हमला किए जाने की इस वारदात से इलाके में भी सनसनी है। फिलहाल घायल का इलाज जारी है और पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

