रायपुर:- राज्य कर (स्टेट जीएसटी) विभाग ने स्टील कारोबारी विजय यादव को दुर्ग जिले के उतई से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई करीब 10 करोड़ रुपये के कथित टैक्स चोरी के मामले में की गई है। गिरफ्तारी के बाद कारोबारी को रायपुर स्थित स्टेट जीएसटी मुख्यालय लाकर पूछताछ की जा रही है। कारोबारी का आयरन एवं स्टील स्क्रैप का कारोबार रायपुर, दुर्ग समेत प्रदेश के कई जिलों में संचालित है।
दस्तावेजों के आधार पर की गई कार्रवाई
सूत्रों का कहना है कि विभाग को लंबे समय से कारोबारी की व्यावसायिक गतिविधियों में टैक्स अनियमितताओं की शिकायतें और सूचनाएं मिल रही थीं। इसके बाद स्टेट जीएसटी की टीम ने मामले की जांच शुरू की। दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई। कारोबारी विजय यादव से कारोबार से जुड़े लेन-देन, बिलिंग प्रक्रिया, इनपुट टैक्स क्रेडिट और अन्य वित्तीय रिकार्ड के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पेनल्टी और रिकवरी की तैयारी
अधिकारियों को उम्मीद है कि टैक्स चोरी के संभावित नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य कारोबारियों के संबंध में जानकारी सामने आ सकती है। विभाग के अधिकारी अब यह जानकारी जुटा रहे हैं कि विजय यादव द्वारा जारी किए गए फर्जी बिलों का फायदा किन-किन व्यापारियों या फर्म ने उठाया। अब उन पर भी टैक्स रिकवरी या पेनल्टी जैसी कार्रवाई की जाएगी।

