दुर्ग:- दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा अंतर्गत ग्राम दांडेसरा में पानी भरने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में आधा दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना शनिवार की बताई जा रही है।
लाठी, राड और कुल्हाड़ी से हमले का आरोप
जानकारी के मुताबिक विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान लाठी, राड और कुल्हाड़ी से हमला किए जाने की बात भी सामने आ रही है। गांव में अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की।
पुरानी जमीन रंजिश भी बनी वजह
जेवरा सिरसा पुलिस के अनुसार दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन विवाद चल रहा है। दोनों पक्ष रिश्तेदार हैं और उनके दादा सगे भाई थे। इससे पहले भी जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो चुका है। उस दौरान टंगिया से हमला किया गया था। बाद में पुलिस चौकी में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था, लेकिन पुरानी रंजिश पूरी तरह खत्म नहीं हो सकी।
बिजली बंद होने से बढ़ी पानी की समस्या
बताया जा रहा है कि घटना के समय गांव में बिजली बंद थी। बिजली नहीं होने के कारण पानी की समस्या बढ़ गई थी। इसी दौरान पानी भरने और पानी की टंकी की चाबी को लेकर पंचायत में विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि एक पक्ष ने टंकी की चाबी देने से मना कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।

