धमतरी:- करेलीबड़ी गांव में दाढ़ी नहीं बनाने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति ने सैलून संचालक पर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया. हमले से युवक के हाथ, घुटने और गाल में चोट आई. 6 अगस्त को हुए वारदात में पुलिस ने 22 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
करेलीबड़ी गांव की घटना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मामला ग्राम करेलीबड़ी का है. जहां सेलून संचालक टुकेश्वर उर्फ लालू सेन और चम्मन लाल भारती के बीच दाढ़ी नहीं बनाने की बात को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज में बदल गई और आरोपी ने सब्जी काटने वाले धारदार चाकू से टुकेश्वर पर हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना में टुकेश्वर के हाथ, घुटने और गाल में चोटें आईं. पीड़ित की शिकायत पर करेलीबड़ी चौकी थाना मगरलोड में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की.
धमतरी एसपी भावना पांडेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. 6 अगस्त को हुई इस घटना की जांच की गई.उसके बाद पुलिस ने आरोपी चम्मन लाल भारती को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया.
धमतरी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीसी पटेल ने बताया कि मामले में पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद तेजी से जांच करते हुए आरोपी की पहचान की. पूछताछ और घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी की कार्रवाई पूरी की. जिले में मारपीट, चाकूबाजी समेत आपराधिक घटनाओं पर पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी.
