दुर्ग:- छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के केलाबाड़ी स्थित सुभाष नगर में एक युवक ने अपनी ही प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर खुद ही 108 एंबुलेंस को फोन कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतका उनेश्वरी वर्मा (25 वर्ष) खैरागढ़ जिले के चिचोला की रहने वाली थी और दुर्ग के बीएम कॉलेज में B.Ed की पढ़ाई कर रही थी। आरोपी कार्तिक राम साहू (27 वर्ष) बालोद जिले का निवासी है और उसी कॉलेज में सहपाठी था। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। घटना वाले दिन दोनों के बीच फोन कॉल न उठाने को लेकर विवाद शुरू हुआ।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवती को अपने किराए के कमरे में ले आया, जहां बहस बढ़ गई। गुस्से में आकर उसने युवती का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद आरोपी ने युवती को मृत नहीं, बल्कि बेहोश समझा और खुद ही 108 एंबुलेंस सेवा को फोन कर दिया। मौके पर पहुंची मेडिकल टीम ने युवती को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। छत्तीसगढ़ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मृतका के परिजन घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग पहुंचे।
पिता ने बताया कि उनेश्वरी उनके परिवार की इकलौती बेटी थी और पिछले दो वर्षों से पढ़ाई के लिए दुर्ग में रह रही थी। परिवार को उसके प्रेम संबंध की कोई जानकारी नहीं थी। पुलिस अब डिजिटल साक्ष्यों सहित अन्य सबूत जुटा रही है।

