बिलासपुरः- डिजिटल शादी के निमंत्रण पत्र वाट्सएप पर भेजना आम बात हो गई है, लेकिन इसी सहूलियत का फायदा उठाकर साइबर ठगों ने ठगी का नया पैंतरा खोज निकाला है। जिले में वाट्सएप पर शादी का निमंत्रण एपीके फाइल भेजकर एक दर्जन से अधिक लोगों के मोबाइल हैक करने का मामला सामने आया है।
पीड़ित जैसे ही निमंत्रण पत्र समझकर फाइल को खोलते हैं, उनका मोबाइल हैक हो जाता है। गनीमत यह रही कि इस बार समय रहते सतर्कता बरतने के कारण किसी तरह की आनलाइन ठगी नहीं हो सकी। शादी का निमंत्रण पत्र प्राप्त पीड़ित मामले की शिकायत एसीसीयू लेकर पहुंचे। साइबर सेल की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि साइबर ठग शादी के फर्जी निमंत्रण पत्र का झांसा देकर साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश में थे।

