बीजापुर:- नक्सल विरोधी अभियान के तहत CRPF की 199वीं वाहिनी को बड़ी सफलता मिली है. सूचना के आधार पर जवानों ने पीडिया एवं कुप्पागुड़ा क्षेत्र के एड्री, हर्रा, नयापारा और सरपंचपारा के घने जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया. कमांडेंट आनंद कुमार के मार्गदर्शन और उप कमांडेंट दर्शन यादव की देखरेख में बी/199 एवं एफ/199 कंपनी और यंग प्लाटुन के जवानों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया.
रायफल, 10 आईईडी, डेटोनेटर मिला
सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखे गए 14 नक्सली डंप बरामद किए गए, बरामद सामग्री में 7 रायफल, जिनमें एक 303 बोल्ट एक्शन रायफल, पांच भरमार रायफल और एक देशी 12 बोर रायफल शामिल हैं. इसके अलावा 10 IED, 8 डेटोनेटर, कोडेक्स वायर, वायरलेस सेट, प्लास्टिक एवं स्टील कंटेनर समेत IED निर्माण में उपयोग होने वाली विभिन्न इलेक्ट्रिक सामग्री और नक्सली कपड़े बरामद किए गए हैं. कुल 99 प्रकार की सामग्री जब्त की गई है.
सतर्कता के साथ ऑपरेशन किया पूरा
सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर बेहद सतर्कता के साथ चरणबद्ध तरीके से तलाशी अभियान चलाया.कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.CRPF अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में लगातार चल रहे अभियान से नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगा है और ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है. 199वीं वाहिनी ने क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी आसूचना आधारित अभियान जारी रखने की बात कही है.

