गरियाबंद : जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी में एक पिता ने अपने 10 महीने के बेटे को मारकर जंगल में पेड़ से बांध दिया। बच्चे का शव देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। बच्चे की पहचान फिंगेश्वर के रहने वाले दौलत बंजारे के बेटे ऋषभ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि फिंगेश्वर के रहने वाले दौलत बंजारे मानसिक रूप से बीमार था।
उसका काफी समय से इलाज चल रहा था। गुरुवार को भी वो अपनी दवा लाने के लिए आरंग गया था। इसके बाद वो शाम 5 बजे आरंग से वापस फिंगेश्वर अपने घर लौटा। थोड़ी देर के बाद उसने अपने 10 महीने के बेटे ऋषभ को लिया और टहलाने के बहाने घर से बाहर निकल गया। रात 10 बजे दौलत बंजारे वापस घर लौटा, लेकिन उसके पास बच्चा नहीं था। परिजनों के पूछने पर उसने बताया कि बेटे को वो फेंक आया है।
परिवार वाले रातभर बच्चे को हर जगह ढूंढते रहे। रात में ही परिजनों ने बच्चे की गुमशुदगी की सूचना भी पुलिस को दे दी। सुबह ग्राम गनियारी के जंगल में गांव वालों ने बच्चे की लाश पेड़ पर लटकी देखी और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। पिता ने जींस की फंटी हुई पैंट से बच्चे के गले को बांधा था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी पिता दौलत बंजारे को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

