धमतरी:- जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। बड़े भाई के निधन की सूचना मिलने पर अंतिम संस्कार में शामिल होने अपने गांव लौट रहे पति-पत्नी की तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है। पुलिस के मुताबिक, दुगली थाना क्षेत्र के ग्राम धनोरा निवासी प्रेमलाल नेताम (64) अपनी पत्नी कुमारी नेताम (58) के साथ गरियाबंद जिले के ग्राम कोकड़ी स्थित ससुराल गए हुए थे। इसी दौरान उन्हें बड़े भाई प्रभुलाल के निधन की सूचना मिली। दोनों शुक्रवार सुबह बाइक से अपने गांव लौट रहे थे ताकि अंतिम संस्कार में शामिल हो सकें।
रास्ते में ग्राम खड़मा सवनाई भाटा स्थित दुर्गामाता मंच के सामने पीछे से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पति-पत्नी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। रथयात्रा के दिन खरीदा गया था ट्रैक्टर प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में शामिल ट्रैक्टर हाल ही में रथयात्रा के दिन खरीदा गया था। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर को कृषि कार्य के लिए ले जाया जा रहा था। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ परिवार पहले ही बड़े भाई के निधन से सदमे में था, वहीं इस हादसे में पति-पत्नी की मौत ने शोक को और गहरा कर दिया। एक ही परिवार में तीन मौतों से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलते ही मगरलोड पुलिस मौके पर पहुंची, दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। फरार चालक की तलाश की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।

