इंदौर :- शहर के एमजी रोड थाना क्षेत्र स्थित जिला पुलिस लाइन में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक प्रथम वर्ष की छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। मृतका अपने चाचा (जो पुलिस विभाग में पदस्थ हैं) के सरकारी आवास में रहकर पढ़ाई कर रही थी। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पुलिस लाइन परिसर में सन्नाटा पसरा हुआ है।
कमरे में मिली लाश, परिजनों के उड़े होश
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान दुर्गा कनोजे के रूप में हुई है। बुधवार की रात वह रोज की तरह अपने कमरे में सोने गई थी और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया था। काफी देर तक जब अंदर से कोई हलचल नहीं हुई और आवाज देने पर भी दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलने पर जब दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर का नजारा देख सबके होश उड़ गए; दुर्गा का शव फंदे पर झूल रहा था।
उलझी गुत्थी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला और भी रहस्यमयी हो गया है क्योंकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि दुर्गा हाल ही में अपने गांव में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर इंदौर वापस लौटी थी। घर लौटने के बाद उसके व्यवहार में ऐसा कोई बदलाव नहीं दिखा जिससे इस तरह के आत्मघाती कदम का अंदेशा हो।

