कोरबा:- एसईसीएल कुसमुंडा महाप्रबंधक कार्यालय में कार्यरत क्लर्क मनहरण लाल कौशिक को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित कर्मचारी पीएफ से लोन स्वीकृत कराने के एवज में रिश्वत मांग रहा था।
एक एसईसीएल कर्मचारी को अपने प्राइवेट फंड यानी पीएफ से पांच लाख रुपये का लोन लेना था। आरोप है कि प्रक्रिया पूरी कराने और फाइल आगे बढ़ाने के बदले क्लर्क मनहरण लाल कौशिक ने रिश्वत की मांग की थी। परेशान कर्मचारी ने इसकी शिकायत सीबीआई से कर दी। शिकायत की प्रारंभिक जांच में मामला सही पाए जाने पर सीबीआई की टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की।
क्लर्क ने रिश्वत की रकम लेने के लिए कर्मचारी को कुसमुंडा के एक स्थान पर बुलाया था। तय योजना के अनुसार वहां पहले से सिविल ड्रेस में सीबीआई के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। बताया गया कि जैसे ही मनहरण लाल कौशिक ने 10 हजार रुपये की रिश्वत अपने हाथ में ली, टीम ने उसे तत्काल पकड़ लिया।

