पेंड्रा:- मरवाही थाना क्षेत्र के दूरस्थ ग्राम टिकठी में एक बड़ा हादसा हो गया। सड़क किनारे मिली एक अज्ञात धातु की वस्तु को तोड़ने का प्रयास करना एक युवक को भारी पड़ गया। वस्तु में हुए जोरदार विस्फोट से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, टिकठी गांव निवासी 19 वर्षीय कृष्ण कुमार चंद्रा रविवार को गांव की गली से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सड़क किनारे एक संदिग्ध धातु की वस्तु दिखाई दी। करीब 3 इंच लंबी और 1 इंच गोलाई वाली इस वस्तु को युवक उत्सुकतावश अपने घर की बाड़ी में ले आया।
कुदाली मारते ही हुआ धमाका
बताया जा रहा है कि कृष्ण कुमार वस्तु के अंदर क्या है, यह जानने के लिए कुदाली की मदद से उसे तोड़ने का प्रयास कर रहे थे। जैसे ही उन्होंने वस्तु पर जोर लगाया, उसमें अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। विस्फोट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके शरीर से काफी खून बहने लगा।
घायल युवक को अस्पताल में किया भर्ती
परिजनों ने तत्काल घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में युवक का उपचार जारी है और डॉक्टर उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहे हैं। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और घटना की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है।

