बालोद :- जिले के डौंडी नगर पंचायत में शनिवार तड़के कर्मचारियों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। नगर की सफाई के दौरान नगर पंचायत के ट्रैक्टर ड्राइवर ने अपने ही दो सफाईकर्मियों पर टंगिया से हमला कर दिया। हमले में दोनों सफाई कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, डौंडी नगर में तड़के सुबह सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान नगर पंचायत के कर्मचारियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर ट्रैक्टर ड्राइवर ने कथित तौर पर टंगिया से दो सफाई कर्मचारियों पर वार कर दिया।
बाजार चौक के पास हुआ हमला
घटना डौंडी थाना क्षेत्र के बाजार चौक की बताई जा रही है। हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
आरोपी ड्राइवर पुलिस हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी नगर पंचायत के ट्रैक्टर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। विवाद की असली वजह क्या थी, इसे लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।

