डोंगरगढ़ :- छत्तीसगढ़ के धर्म नगरी डोंगरगढ़ में रविवार देर रात एक सनसनीखेज चाकूबाजी की घटना सामने आई। क्रॉस पहाड़ी इलाके में 19 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर 18 वर्षीय युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत नाजुक होने पर पहले स्थानीय अस्पताल, फिर जिला मेडिकल कॉलेज और बाद में ग्रीन कॉरिडोर बनाकर रायपुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे प्रेम प्रसंग को वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात क्रॉस पहाड़ी क्षेत्र में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद 19 वर्षीय अलकन कुल्लू ने 18 वर्षीय आर्यन तिवारी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में आर्यन के पेट में गंभीर चोट आई।
प्रेमिका भी घायल युवक के साथ अस्पताल पहुंची
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। सूत्रों के मुताबिक, उसकी प्रेमिका भी उसे अस्पताल लेकर पहुंची। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया। वहां से हालत गंभीर होने पर ग्रीन कॉरिडोर बनाकर रायपुर के उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल युवक की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी अलकन कुल्लू को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है और अभी हमले की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

