सक्ती :- जिले से इस वक्त एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है, जहां एक अनियंत्रित मोटरसाइकिल पेड़ से जा टकराई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।पूरा मामला मालखरौदा थाना क्षेत्र के पोता गांव का है।
मिली जानकारी के अनुसार, तीन युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर पोता से आमनदुला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना गंभीर था कि बाइक सवार तीनों युवक घायल हो गए।
घटना के बाद तीनों को इलाज के लिए मालखरौदा ले जाया गया, जहां 18 वर्षीय नीरज सारथी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नीरज सारथी, पिता केदार सारथी, उम्र 18 वर्ष के रूप में हुई है।
वहीं, हादसे में घायल रोशन बैरागी, पिता राम प्रसाद, उम्र 20 वर्ष और विकास महंत, पिता संतोष दास, उम्र 18 वर्ष की हालत नाजुक बताई जा रही है। बेहतर उपचार के लिए दोनों घायलों को रायगढ़ रेफर किया गया है।इस दर्दनाक हादसे के बाद एक परिवार ने अपना बेटा खो दिया है, जबकि दो अन्य परिवार अपने बच्चों की सलामती की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

