खैरागढ़-छुईखदान-गंडई:- जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ केसीजी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना खैरागढ़ पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से शराब की बॉटलिंग और रिफिलिंग कर मिलावटी शराब बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने शराब भट्ठी से जुड़े कर्मचारियों सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 34 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, बड़ी मात्रा में खाली बोतलें, ढक्कन, लेबल, होलोग्राम और अन्य सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि खैरागढ़ में राजपूत ढाबा के पास स्थित एक किराए के मकान में कुछ लोग अवैध रूप से शराब में मिलावट कर उसकी बॉटलिंग एवं रिफिलिंग कर बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना खैरागढ़ एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। रेड कार्रवाई के दौरान आरोपी भागवत वर्मा और त्रिलोक यादव को मौके पर ही शराब की बॉटलिंग और रिफिलिंग करते रंगे हाथों पकड़ा गया।
कार्रवाई के आधार पर थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 194/2026 के तहत धारा 34(1)क, 34(2), 36, 49(ख)(ग), 59क(1)(2) आबकारी एक्ट तथा धारा 61(2), 318(4), 336(2), 336(3), 340(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

