बस्तर:- बस्तर की जगदलपुर केंद्रीय जेल एक बार फिर चर्चा में है। महज 5 दिनों के भीतर जेल में दूसरी मौत होने से हड़कंप मच गया है। पहले एक महिला बंदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी, अब नक्सल मामले में बंद कैदी रमेश कुंजम की इलाज के दौरान मौत हो गई।रमेश कुंजम बीजापुर जिले के लिंगापुर का रहने वाला था और नक्सल मामलों में जेल में बंद था। नवंबर 2025 में उसे दंतेवाड़ा जेल से जगदलपुर केंद्रीय जेल शिफ्ट किया गया था।
बताया जा रहा है कि 4 जून को जेल के बाथरूम में गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। हालत बिगड़ने पर उसे डिमरापाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।इससे पहले रविवार तड़के एक महिला बंदी ने जेल के अंदर चुन्नी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। लगातार दो मौतों के बाद जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों की निगरानी और स्वास्थ्य सुविधाओं पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

