कांकेर:- जिले में भालुओं का आतंक लगातार जारी है। देर रात सड़क से गुजर रहे एक युवक पर भालुओं के झुंड ने हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना हल्बा चौकी क्षेत्र के ग्राम बड़ाटोला में रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार जेपरा निवासी युवक मिथलेश गंगबेर देर रात बड़ाटोला क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक भालुओं के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। भालुओं के हमले से युवक घायल होकर मदद के लिए आवाज लगाने लगा।
युवक की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे भालुओं से बचाया। इसके बाद घायल युवक को संजीवनी 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। क्षेत्र में भालुओं की लगातार मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों ने वन विभाग से सतर्कता बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

