कोरबा:- रील्स देखने का नशा तेजी से लोगों में बढ़ता जा रहा है. कुछ लोग अपना कामकाज छोड़कर रील्स बनाने और देखने में जुटे रहते हैं. रील्स देखना और बनाना कोई बुरी बात नहीं है, लेकिन हम अगर अपना काम छोड़कर रील्स बनाने और देखने में जुट जाएं तो जो हमारी दैनिक दिनचर्या है, वो प्रभावित होती है. रील्स देखने का नशा सबसे ज्यादा युवाओं पर तेजी से हावी होता जा रहा है. अकेलेपन को दूर करने के लिए हर उम्र के लोग भी घंटों मोबाइल पर वक्त रील्स देखने में बिता रहे हैं. करतला में एक ऐसा ही मामला सामने आया है.
रील देखने की लत में रियल लाइफ हुई खत्म
ग्राम केराकछार में खाना खाते वक्त 52 साल की महिला रील देखने में बिजी थी. तभी मोबाइल का नेटवर्क थोड़ी देर के लिए बंद हो गया. इस बात से नाराज महिला ने आव देखा न ताव अपना मोबाइल फोन जमीन पर दे मारा. मोबाइल टूटने के बाद भी महिला का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने अपनी जान दे दी. करतला पुलिस ने बताया कि घटना 5 सितंबर की है. पड़ोसियों और परिवार वालों के मुताबिक महिला छत्तीसगढ़ी भाषा में बने रील देखने की शौकीन थी और अपना ज्यादातर वक्त रील देखने में बिताती थी.
करतला पुलिस कर रही जांच
करतला पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतका मंगलो बाई सारथी, उम्र 52 साल वारदात वाले दिन घर पर मोबाइल में रील्स देख रही थी. तभी ग्रामीण क्षेत्र में मोबाइल का नेटवर्क मौसम की वजह से बार-बार फेल होने लगा और इंटरनेट कनेक्टिविटी कमजोर हो गई. नेटवर्क की इस समस्या के कारण रील रुक-रुककर चल रही थी, स्क्रॉल करने में महिला को दिक्कत हुई. जिससे महिला बेहद गुस्से में आ गई. गुस्से में आकर महिला ने पहले तो अपना मोबाइल जमीन पर पटककर तोड़ दिया, इसके बाद भी जब उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ, तब उसने कमरे में जाकर जहरीला पदार्थ पी लिया.
मां को जमीन पर तड़पते सबसे पहले बेटी ने देखा
घटना के समय मृतका का पति मजदूरी करने बाहर गया हुआ था. वहीं, महिला की 17 वर्षीय बेटी घर पर ही मौजूद थी. जहरीला पदार्थ पीने के बाद जब महिला की तबीयत बिगड़ी और वह दर्द से तड़पने लगी, तब बेटी की नजर उस पर पड़ी. बेटी के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य वहां पहुंचे. कहा तो ये भी जा रहा है कि महिला को तड़पते देख कुछ लोगों ने अंधविश्वास में पड़कर उसे गोबर पानी में घोलकर पिला दिया, जिससे महिला की हालत और बिगड़ गई.
पीएचसी से किया गया रेफर, मेडिकल कॉलेज में हो गई मौत
महिला की हालत बिगड़ने के बाद परिजन तुरंत उसे करतला के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा रेफर कर दिया. अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार की शाम को महिला की मौत हो गई. महिला की मौत के बाद, जब उसके जान देने की वजह सामने आई तो गांव वाले भी आश्चर्यचकित हो गए. लोग ये चर्चा करने लगे हैं कि क्या ऐसे भी कोई घातक कदम इस तरह की बातों पर उठाता है. करतला पुलिस का कहना है कि वो पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.

