बलौदाबाजार :- भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के टोनाटार गांव में 50 वर्षीय महिला का शव उसके घर में मिलने से सनसनी फैल गई। शरीर पर गहरे घाव मिलने के कारण धारदार हथियार से हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद से महिला का पति भी नहीं मिल रहा है। पुलिस उसकी तलाश के साथ वारदात से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।
महिला अपने पति के साथ गांव में रहती थी। घर में काफी देर तक कोई गतिविधि नहीं दिखने पर पड़ोसियों ने आवाज लगाई। जवाब नहीं मिलने पर वे अंदर पहुंचे तो बिस्तर पर महिला का शव दिखाई दिया। आसपास खून फैला हुआ था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में महिला के पैरों सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें मिली हैं। कमरे की दीवारों और फर्श पर भी खून के निशान पाए गए।
पुलिस ने मौके से भौतिक साक्ष्य एकत्र किए और पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत के कारण और चोटों की प्रकृति को लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
पति की तलाश, परिजनों से पूछताछ
महिला के पति का घटना के बाद से पता नहीं चलने पर पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पड़ोसियों और परिजनों से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात से पहले घर में क्या हुआ था।

