रायगढ़ :- जिले के पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम नंदेली के महंत पारा में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय घर के अंदर मौजूद परिवार के तीन सदस्य मलबे में दब गए। घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति और 15 वर्षीय बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं।
अचानक भरभराकर गिरा मकान
मिली जानकारी के अनुसार, नंदेली के महंत पारा में रोहिणी महंत अपने पति रतन दास और 15 वर्षीय बच्चे के साथ घर में मौजूद थीं। इसी दौरान अचानक कच्चा मकान भरभराकर गिर पड़ा। मकान के मलबे में तीनों दब गए।
मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बिना देर किए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला गया।
महिला की मौत, पति और बच्चा घायल
हादसे में रोहिणी महंत गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनके पति रतन दास और 15 वर्षीय बच्चे को भी गंभीर चोटें आई हैं।
दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसे से गांव में शोक का माहौल
अचानक हुए इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। मकान गिरने के कारणों की जांच की जा रही है।

