मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर:- शहर के भीड़-भाड़ वाले इलाके हल्दीबाड़ी के स्वर संगम चौक पर आज बड़ा हादसा हो गया. एक मिनी ट्रक ब्रेक फेल होने के बाद अनियंत्रित होकर 2 गाड़ियों से जा टकराई. मिनी ट्रक ने पहले पहले पिकअप गाड़ी को टक्कर मारी फिर स्कूटी सवार को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप गाड़ी और स्कूटी के परखच्चे उड़ गए. मिनी ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह से छतिग्रस्त हो गया.
हादसे में तीन लोग बुरी तरह से घायल हुए हैं. जिसमें से एक की हालत गंभीर है. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सबसे ज्यादा चोट स्कूटी पर सवार पति पत्नी को आया है. स्थानीय लोगों और दुकानदारों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया.
हादसे के बाद सड़क पर लगा लंबा जाम
दुर्घटना के बाद ट्रक और पिकअप सड़क के बीचों-बीच फंस गए, जिससे हल्दीबाड़ी चौक पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. यह मार्ग चिरमिरी नगर का प्रमुख यातायात मार्ग है, जिसकी वजह से मिनटों में लंबा जाम लग गया. सूचना मिलते ही चिरमिरी पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. बाद में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई की गई, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका.
महापौर पहुंचे घटनास्थल
हादसे की जानकारी मिलते ही चिरमिरी नगर निगम के महापौर भी घटनास्थल पर पहुंचे. महापौर ने दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों और स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली. पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण ट्रक का ब्रेक फेल होना सामने आया है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. दुर्घटना में शामिल वाहनों को जब्त कर लिया गया है और तकनीकी परीक्षण के साथ चालक से भी पूछताछ की जाएगी. घायलों की पहचान और दुर्घटना के अन्य कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

