बालोद :- जिले के निपानी गांव में पानठेले के पास पता पूछने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर बटन चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मजाकिया अंदाज में पता बताने की बात को लेकर विवाद बढ़ा और आरोपी ने आवेश में आकर युवक के गले पर चाकू से हमला कर दिया।
घटना में घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की शिकायत के बाद बालोद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान ग्राम निपानी निवासी ईश्वर सोनी (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर भेज दिया है।
पानठेले पर पता पूछने से शुरू हुआ विवाद
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम निपानी का है। शिकायतकर्ता ग्राम भरदा निवासी खोरबाहरा राम ठाकुर के मुताबिक 28 अगस्त को वह नरेंद्र ठाकुर के साथ बाइक से ग्राम अमोरा में राखी छोड़ने गया था।
शाम करीब 4:30 बजे दोनों बाइक से ग्राम सुर्रा लौट रहे थे। इसी दौरान निपानी चौक पर गुटखा खाने के लिए उन्होंने बाइक रोकी और पानठेले पर चले गए।इसी दौरान वहां मौजूद ग्राम निपानी निवासी ईश्वर सोनी ने उनसे पता पूछा। शिकायत के मुताबिक पता बताने को लेकर बातचीत के दौरान विवाद शुरू हो गया।
आवेश में आकर गले पर चाकू से हमला
आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद ईश्वर सोनी ने बटन चाकू निकाल लिया और खोरबाहरा राम ठाकुर के गले पर हमला कर दिया। चाकू के वार से युवक घायल हो गया।घटना के बाद घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस थाने में की गई।
चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी ईश्वर सोनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी को बुधवार को रिमांड पर भेज दिया गया।

