सूरजपुर:- जिले के जयनगर थाना क्षेत्र से एक विवाहिता के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हालांकि इस मामले में कुछ ऐसे तथ्य भी सामने आए हैं, जिनके कारण पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की पुष्टि हो सकेगी.
गांव के युवकों पर आरोप
दरअसल पीड़िता ने जयनगर थाने में एक शिकायत दर्ज कराई है. आरोप लगाया है कि गांव के कुछ युवकों ने उसे पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया. इसके बाद उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया. पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद उसे होश अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित युवकों के खिलाफ कई धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है.
एक और तथ्य से पेचीदा हुआ मामला
जांच के दौरान एक और तथ्य सामने आया है, जिसने मामले को और पेचीदा बना दिया है. जानकारी के अनुसार घटना की तिथि पर ही अंबिकापुर के मणिपुर थाना में पीड़िता के पति ने सूचना दी गई थी कि उसकी पत्नी ने कथित रूप से कीटनाशक दवा पी ली थी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अंबिकापुर अस्पताल में भर्ती कराया गया. पति ने यह भी बताया था कि इलाज के दौरान उसकी पत्नी अस्पताल से कहीं चली गई थी. इसके बाद गुमशुदा का मामला भी दर्ज हुआ है.

