सरगुजा:- नशीले इंजेक्शन के कारोबार पर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने दो लाख रुपये मूल्य के 200 नशीले इंजेक्शन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आबकारी विभाग की टीम ने गांधी नगर थाना क्षेत्र के सरना मैदान में रात्रि गश्त के दौरान संदिग्ध अवस्था में स्कूटी सवार वाहिद अंसारी को पकड़ा और तलाशी के दौरान उसके बैग से 100 रेक्सोजेसिक और 100 एविल इंजेक्शन बरामद किए गए. बरामद इंजेक्शनों की बाजार कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है.
ऑपरेशन क्लीन” के तहत बड़ी सफलता
आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया और उसे विशेष न्यायाधीश नारकोटिक्स न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है. आबकारी विभाग के अनुसार नशीली दवाओं के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन” के तहत यह बड़ी सफलता मानी जा रही है.
कई दिनों बाद मिला नशीले इंजेक्शन का तस्कर
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि कई दिनों बाद संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम को नशीले इंजेक्शन के विक्रेता को गिरफ्तार करने में सफलता हाथ लगी है. संभागीय आबकारी उड़नदस्ता द्वारा नशीले इंजेक्शन विक्रेताओं पर पिछले कई महीनों से ताबड़तोड़ कार्रवाई करने के कारण सरगुजा जिले में नशीले इंजेक्शन की बिक्री पर काफी हद तक रोक लगी है.

