अंबिकापुर :- शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय में जूनियर छात्रों से कथित रैगिंग और मारपीट के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। स्कूल प्रबंधन ने 12वीं कक्षा के पांच छात्रों को निष्कासित कर दिया है। हालांकि, चार सदस्यीय जांच टीम की रिपोर्ट में मामले को आपसी विवाद का बताया गया है।मामले में परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने भी चार नाबालिग छात्रों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
दो जूनियर छात्रों के सिर पर डंडे से वार का आरोप
शिकायत के मुताबिक, हॉस्टल में 12वीं के कुछ छात्र 11वीं कक्षा के छात्रों को कथित तौर पर परेशान कर रहे थे। इसी दौरान दो जूनियर छात्रों ने सीनियर छात्रों का आदेश मानने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज होकर सीनियर छात्रों ने दोनों के सिर पर डंडे से हमला कर दिया।हमले में दोनों छात्रों के सिर पर चोट आई और उनके बेहोश होने की भी बात सामने आई थी। घटना सितंबर की रात करीब 11 बजे की बताई गई थी।
परिजनों ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद छात्रों के परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से की थी। गांधीनगर थाना पुलिस ने चार नाबालिग छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।इधर, विद्यालय स्तर पर भी चार सदस्यीय टीम गठित कर घटना की जांच कराई गई। टीम की रिपोर्ट में इसे रैगिंग के बजाय छात्रों के बीच आपसी विवाद का मामला बताया गया है।
पांच छात्रों को किया गया निष्कासित
जांच के बाद विद्यालय प्रबंधन ने 12वीं कक्षा के पांच छात्रों के खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई की है। कार्रवाई के बाद विद्यालय में छात्रों की सुरक्षा और हॉस्टल व्यवस्था को लेकर फिर सवाल उठ रहे हैं।फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। मामले में मारपीट की वास्तविक वजह और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की स्थिति पुलिस जांच पूरी होने के बाद और स्पष्ट होगी।

