लखनऊ:- राजधानी के अलीगंज इलाके में तीसरे तल पर स्थित एक गेमिंग जोन और सॉफ्टवेयर ऑफिस में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई. इस घटना में अभी तक 15 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 5 लोग घायल बताए जा रहे हैं. आग इतनी भीषण थी कि कई लोग बिल्डिंग से नीचे कूद गए. इसके लिए लटक रहे तार को जरिया बनाया. मृतकों की संख्या बढ़ने की भी आशंका है. इस बीच अलीगढ़ पहुंचे सीएम योगी दौरा छोड़कर लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं. उन्होंने अपने सभी आगामी दौरे रद्द कर दिए हैं.इस बीच पीएम मोदी ने भी लखनऊ की घटना पर शोक जताया है. साथ ही मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है. इस क्रम में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने भी मृतकों के प्रति शोक संवेदना जताई है.
अग्निकांड की भयावहता को देखते हुए मौके पर मौके पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, ACS होम संजय प्रसाद , DGP राजीव कृष्ण , DG फ़ायर सुजीत पांडेय, CP लखनऊ , DM लखनऊ आदि पहुंच गए. सिविल अस्पताल की चार सदस्यीय टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है. साथ ही तीन एंबुलेंस भी मौके पर भेजी गई हैं. सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में बेड संख्या 23 से 30 तक खाली करा लिए गए हैं. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के मुताबिक, 12 से 14 लोगों की मौतों की आशंका है. जबकि, लखनऊ केजीएमयू चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमीय अग्रवाल के मुताबिक, 15 लोगों की मौत हुई है.
निजी संस्थान का यह ऑफिस अलीगंज में पेट शॉप के ऊपर है. बतात हैं कि सबसे पहले तीसरी मंजिल पर आग लगी. देखते ही देखते आग फैल गई और ऑफिस को चपेट में ले लिया. बताया जा रहा है कि उस वक्त ऑफिस में 30 से भी ज्यादा लोग मौजूद थे. आग लगते ही अफरातफरी मच गई. बिल्डिंग में काम करने वाले और अन्य लोग जान बचाने के लिए भागने लगे. कोई रास्ता नहीं मिला तो बगल से गुजर रहे तार से लटककर नीचे कूदने लगे. इसमें दो लोगों को चोटें आई हैं, जिसमें एक युवती भी शामिल है. बाद में 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई.
आग तेजी से फैली और लोगों को बचाव का कोई रास्ता नहीं दिखा. करीब आधे घंटे थक फायर ब्रिगेड भी नहीं पहुंच सकी थी. आशंका जताई गई कि आग से घिरी बिल्डिंग में कई लोग फंसे हैं. मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने में जुट गईं, लेकिन आग की भयावहता कम होने में काफी समय लगा. करीब 4 घंटे बाद भी बिल्डिंग सुलगती रही.

