मंदसौर:- मंदसौर में पुलिस ने नकली घी बनाने और बेचने वाले गिरोह का खुलासा किया है। सीतामऊ फाटक क्षेत्र में गुजरात के दो भाई डालडा, सोयाबीन तेल और खुशबू मिलाकर नकली घी तैयार कर रहे थे, जिसे ग्रामीण इलाकों में 200 रुपये प्रति किलो तक बेचा जा रहा था। पुलिस ने मौके से करीब 150 लीटर नकली घी जब्त किया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया
शहर कोतवाली और नई आबादी थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अहमदाबाद (गुजरात) निवासी दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पिछले तीन महीनों से सीतामऊ फाटक क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर नकली घी तैयार कर रहे थे। कार्रवाई खाद्य सुरक्षा और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के साथ की गई।
पुलिस जब मौके पर पहुंची, उस समय आरोपी नकली घी बनाने में लगे हुए थे। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गोपाल और संजय पुत्र अशोक बागरी, निवासी अहमदाबाद (गुजरात) के रूप में हुई है। आरोपी डालडा और सोयाबीन तेल में केमिकल और आर्टिफिशियल देशी खुशबू मिलाकर नकली घी तैयार कर रहे थे, जिससे लोगों की सेहत के साथ गंभीर खिलवाड़ किया जा रहा था।
दबिश के दौरान पुलिस ने लगभग डेढ़ सौ लीटर नकली घी बरामद किया। इसके साथ ही सोयाबीन तेल, नकली घी बनाने में इस्तेमाल किए गए बर्तन और एक केमिकल भी जब्त किया गया। यह केमिकल देशी घी जैसी खुशबू पैदा करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।

