रायपुर। राजधानी में कारोबारी की कार पर हुई फायरिंग मामले में एक और गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने हरियाणा के गैंगस्टर अमनदीप के एक और गुर्गे को रायपुर लेकर आई है। आरोपी का नाम जसवंत सिंह उर्फ बग्गू है, यह भी सिरसा हरियाणा का रहने वाला है। पुलिस को जसवंत के पास से एक पिस्टल और गोली बरामद हुई है।
इस मामले में अब तक पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनमें से हरियाणा से 5 और झारखंड से 3 आरोपी गिरफ्तार हुए हैं। हालांकि इस मामले में अब तक दोनों शूटरों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
दरअसल 13 जुलाई को सुबह 11 बजे के करीब PRA कंस्ट्रक्शन के कारोबारी प्रहलाद राय अग्रवाल और अन्य कारोबारी महावीर चौक रिंग रोड स्थित अपने ऑफिस पर मौजूद थे। इसी दौरान चेहरे पर कपड़ा लपटे बाइक में सवार दो शूटर वहां पहुंचे। उन्होंने कारोबारी की कार पर फायर कर दिया। पुलिस ने आशंका जताई है कि ये शूटर उत्तर भारत के कुख्यात गैंगस्टर लॉरेस बिश्नोई और झारखंड के गैंगस्टर अमन साहू गैंग से जुड़े थे। ये गैंगस्टर इस कंस्ट्रक्शन कंपनी के कारोबारियों से झारखंड में चल रहे नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट में लेवी(अवैध पैसों की मांग) की मांग कर रहे है।

