रायपुर/ रायगढ़ जिले के सिंघितराई स्थित एथेना पावर प्लांट में हुए दर्दनाक हादसे के बाद वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। 14 अप्रैल को हुए इस हादसे में 25 कर्मियों की जान चली गई, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में शोक की लहर है।

अनिल अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्लांट में सुरक्षा और सेफ्टी प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा था, लेकिन इस दुर्घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वेदांता प्रबंधन इस हादसे की गहन समीक्षा करेगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि प्लांट का संचालन और मेंटेनेंस एक विशेषज्ञ कंपनी को सौंपा गया था, जिसमें एनटीपीसी और जीई जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों की भागीदारी है। बावजूद इसके, इतनी बड़ी घटना होना सिस्टम की कमियों की ओर इशारा करता है, जिसकी जांच जरूरी है।
अग्रवाल ने हादसे में जान गंवाने वाले सभी कर्मचारियों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि कंपनी प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान करेगी। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि सुरक्षा, पारदर्शिता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
घटना के बाद मौके का दौरा करने पहुंचे अनिल अग्रवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिया जा चुका है और आगे भी हर स्तर पर सहयोग जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस हादसे की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल, इस हादसे ने औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद क्या कदम उठाए जाते हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या ठोस रणनीति बनाई जाती है।

