धमतरी:- शहर के वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में शनिवार देर रात अजगर दिखने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया. करीब 8 फीट लंबा विशालकाय अजगर प्लांट के एक चेम्बर में दिखाई दिया. इतने बड़े अजगर को देखकर वहां मौजूद कर्मचारी हैरान रह गए. इसकी सूचना स्नेक कैचर को दी गई.
देर रात काम करने के दौरान दिखा अजगर
बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात कर्मचारी अपने नियमित कामकाज में जुटे हुए थे. इसी दौरान उनकी नजर चेम्बर में मौजूद विशालकाय अजगर पर पड़ी. अजगर का आकार काफी बड़ा होने के कारण कोई भी उसके करीब जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था. इसके बाद तत्काल सर्पमित्र सूर्यकांत साहू को इसकी सूचना दी गई.
शुरू हुआ रेस्क्यू
सूचना मिलते ही सर्पमित्र सूर्यकांत साहू मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने पूरी सावधानी और सूझबूझ के साथ अजगर का रेस्क्यू अभियान शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद करीब 8 फीट लंबे भारी-भरकम अजगर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. अजगर के रेस्क्यू होते ही वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के कर्मचारियों ने राहत की सांस ली.

