रायपुर:- खम्हारडीह थाना में एक कामकाजी युवती ने अज्ञात के खिलाफ मैट्रिमोनियल एप से दोस्ती कर मिलने के बहाने घर पहुंच कर खाने के सामान नींद की दवा मिलाकर सोने -चांदी के जेवर तथा नकदी चोरी कर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। युवती की शिकायत पर पुलिस अपराध दर्ज कर घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल कर आरोपी युवक की पहचान करने कोशिश कर रही है।
पुलिस में युवती ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह अवंती विहार में अन्य युवतियों के साथ रहती है। उसकी एक लड़के से जिसने अपना नाम अभिनव सिंह बताया था, उससे उसकी आनलाइन मैट्रिमोनियल प्लेटफार्म ‘जीवनसाथी’ एप्लिकेशन के जरिये पहचान हुई थी। जालसाज ने खुद को दिल्ली निवासी बताया था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और फिर दोनों ने एक दूसरे से मिलने का प्लान बनाया। बताया जा रहा है कि जालसाज पंजाब से दिल्ली होते हुए युवती से मिलने रायपुर पहुंचा।
चिकन में मिलाई बेहोशी की दवा
युवती से मिलने पहुंचे युवक ने उसके घर में ही खाने की पार्टी आयोजित की। युवती की अन्य रूम मेट काम करने गई हुई थीं, तब युवती ने अभिनव को मिलने अपने कमरे में बुलाया। दोनों ने ऑनलाइन खाने का आर्डर किया। इस दौरान अभिनव ने युवती के चिकन में बेहोशी की दवा मिला दी। चिकन खाने के बाद युवती बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी युवक ने युवती तथा रूम में रहने वाली अन्य युवतियों की नकदी तथा सोने-चांदी के जेवर चोरी कर रफू चक्कर हो गया। होश आने पर युवती घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंची और युवक के खिलाफ चोरी तथा ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

