महोबा:- उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के सरकारी अस्पताल का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में अस्पताल में भर्ती मरीज एक युवती के साथ रोमांस करता नजर आ रहा है। इसे देखकर स्टाफ समेत हर कोई हैरान रह गया। बताया जा रहा है कि युवती इलाजरत पुरुष मरीज की प्रेमिका है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। वीडियो के वायरल होने के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और वार्ड में आगंतुकों के प्रवेश को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के सेला गांव निवासी नवल किशोर को जहरीले पदार्थ के सेवन के बाद उपचार के लिए जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान एक युवती उससे मिलने अस्पताल पहुंची। इसके बाद दोनों सरेआम बेड पर ही आपत्तिजनक हरकतें करने लगे। सार्वजनिक स्थान की मर्यादा को भूलकर हुई इस घटना को देखकर आसपास मौजूद तीमारदार दंग रह गए और उन्होंने गहरा आक्रोश जताया। इमरजेंसी वार्ड में लगी यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो सामने आते ही जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और वार्ड में कर्मचारियों की निगरानी पर बड़े सवाल उठ रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के समय इमरजेंसी वार्ड में अन्य मरीज और उनके परिजन भी मौजूद थे। इधर, सीएमएस डॉ। सुरेश कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अस्पताल परिसर की सुरक्षा के लिए 10 पूर्व सैनिक तैनात हैं, जो चौबीसों घंटे ड्यूटी पर रहते हैं। इसके बावजूद यदि सुरक्षा व्यवस्था में किसी स्तर पर चूक हुई है तो उसकी भी जांच कराई जाएगी।

