चंडीगढ़:- पंजाब के संगरूर जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. रविवार को लहरा गागा-जाखल रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे बैठे कई मजदूरों को कुचल दिया. इस भयानक हादसे में नौ मजदूरों की जान चली गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. कार चालक की पहचान रायधराना निवासी दर्शन सिंह के बेटे परगट सिंह ‘काला’ के रूप में हुई है.
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और घायलों का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने की घोषणा की है.
सोशल मीडिया एक्स पर मुख्यमंत्री ने लिखा- “संगरूर के अलीशेर गांव में हुए भयानक सड़क हादसे की खबर बहुत दिल दहला देने वाली है… सरकार मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये का मुआवजा देगी, और घायलों का पूरा इलाज भी पंजाब सरकार बिल्कुल मुफ़्त कराएगी… फरार ड्राइवर को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा, और कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
लहरा गागा थाना के एसएचओ इंस्पेक्टर जसकरण सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा- “इस हादसे में नौ लोगों की मौत हुई है.” लहरा गागा इलाके में हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे के बारे में बताते हुए डॉ. पूनम धीर ने कहा- “यहां कुल 7 मरीज लाए गए थे. इनमें से एक की मौत हो गई, दो को रेफर कर दिया गया. हमारे पास भर्ती बाकी चार मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है.
जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू किया. सभी घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है. हादसे में घायल हुई एक महिला ने आपबीती बताते हुए कहा, “हम सड़क पर बैठकर पानी पी रहे थे. तभी एक कार ने हमें टक्कर मार दी. इस हादसे में कुछ लोगों की मौत हो गई है.” मिली जानकारी के अनुसार आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी थी जबकि एक को अस्पताल में मृत घोषित किया गया.

