खंडवा:- जिले के छैगांव माखन ब्लाक अंतर्गत ग्राम सुरगांव जोशी में आवारा श्वानों के हमले से छह वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे की हालत इतनी गंभीर हो गई कि उसे खंडवा से इंदौर रेफर करना पड़ा, जहां उसकी प्लास्टिक सर्जरी तक करनी पड़ी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
जानकारी के अनुसार अवि पुत्र अनिल पटेल, निवासी ग्राम चिचगोहन भेरू खेड़ा, अपनी बुआ के घर सुरगांव जोशी आया हुआ था। 14 मई को दोपहर करीब एक बजे वह घर के बाहर शौच के लिए गया था। इसी दौरान वहां घूम रहे 6 से 7 आवारा श्वानों ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। कुत्ते बच्चे को करीब 50 मीटर दूर खेत तक घसीटकर ले गए और बुरी तरह नोच डाला।
बुजुर्ग ने शोर मचाकर भगाया
हमले में बच्चे के पूरे शरीर पर गहरे घाव हो गए। सिर पर गंभीर चोटें आईं तथा सिर की चमड़ी और बाल तक नोच लिए गए। अचानक वहां से गुजर रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति की नजर बच्चे पर पड़ी।उन्होंने साहस दिखाते हुए श्वानों को भगाया और शोर मचाया। आवाज सुनकर बच्चे के अंकल और फूफा मौके पर पहुंचे और तत्काल उसे खंडवा जिला अस्पताल लेकर आए।डाक्टरों ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे इंदौर रेफर कर दिया।स्वजन के अनुसार इंदौर में बच्चे की प्लास्टिक सर्जरी की गई है और उसका उपचार जारी है।
लंबे समय से बना है कुत्तों का आतंक
ग्रामीणों का कहना है कि सुरगांव जोशी में आवारा श्वानों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है। आए दिन कुत्ते बच्चों, गाय-बछड़ों और अन्य पशुओं पर हमला कर रहे हैं, लेकिन अब तक प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

