भोपाल:- राजधानी भोपाल में पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है. जिसमें एक महिला ने अपने पति पर अपनी ही सगी बहन के साथ अवैध संबंध होने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता का कहना है कि, जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया. अब इस मामले की शिकायत पीड़िता ने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया नहाटकर से करते हुए न्याय की गुहार लगाई है.
संबंध की जानकारी मिलने पर पत्नी से मारपीट
पीड़ित महिला ने बताया कि, ”उसकी शादी फरवरी 2025 में हुई थी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही उसे अपने पति के व्यवहार पर शक होने लगा.” महिला का आरोप है कि, ”उसके पति के अपनी ही सगी बहन के साथ अनुचित संबंध हैं. पीड़िता के अनुसार, एक दिन उसने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया. जब उसने इस बात का विरोध किया, तो उसके पति ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी.
ससुर ने कहा बेटे नहीं अपने लिए की शादी
महिला का कहना है कि, पिछले 5-6 महीनों से उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है, जिसके कारण वह पिछले पांच महीनों से अपनी मां के घर रह रही है. महिला ने यह भी आरोप लगाया कि, ”जब उसने इस बारे में अपने ससुर से शिकायत की, तो उन्हें भी इस संबंध की जानकारी थी.” पीड़िता के अनुसार ससुर ने उसे चौंकाने वाला जवाब देते हुए कहा कि, ”हमने शादी अपने लिए की है, उसके लिए नहीं. तुम हमारे साथ रहो, जो चाहिए हमसे मांगो.” महिला का आरोप है कि उसकी सास भी पति और परिवार का ही पक्ष ले रही हैं.
पीड़िता ने महिला आयोग से की निष्पक्ष जांच की मांग
पीड़िता ने बताया कि, ”उसका पति भोपाल के पीरगेट स्थित एक बिल्डिंग में रहता है और एमपी नगर इलाके में उसकी दुकान है. उसकी ननद अक्सर अपने कमरे में ताला लगाकर रहती थी, जिससे उसे पहले ही शक होने लगा था.” अब पीड़िता ने पूरे मामले की शिकायत राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष से करते हुए निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है.

