उज्जैन:- मध्यप्रदेश के उज्जैन से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, यहां नागपंचमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान नागचंद्रेश्वर मंदिर, हरसिद्धि मंदिर और बड़े गणेश मंदिर के समीप अचानक भगदड़ मच गई। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के कारण मंदिर मार्ग पर स्थिति बेकाबू हो गई और देखते ही देखते धक्का-मुक्की शुरू हो गई। भगदड़ जैसी स्थिति में दबने से 7 श्रद्धालु घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, मामला महाकाल थाना क्षेत्र का के बड़े गणपति के पास का है। दरअसल, आज नागपंचमी के अवसर पर यहां श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। देखते ही देखते भीड़ बेकाबू हो गई और भीड़ में दबने से 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंचे। और पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में लगी है। सभी घायलों को तुरंत ही प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पास के जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। त्यौहारों के दौरान सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर अब प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है।
साल में एक बार खुलता है नागचन्द्रेश्वर मंदिर
आपको बता दें कि नाग पंचमी के पावन पर्व पर सोमवार मध्यरात्रि 12 बजे भगवान श्री नागचन्द्रेश्वर मंदिर के पट शुभ मुहूर्त में खोले गए। पट खुलते ही देशभर से उज्जैन पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए भगवान नागचन्द्रेश्वर के दर्शन शुरू हो गए। यह मंदिर साल में केवल एक बार नाग पंचमी के अवसर पर 24 घंटे के लिए खुलता है। पट खुलने के बाद श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़ा के महंत श्री विनीतगिरी महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भगवान श्री नागचन्द्रेश्वर का पूजन-अभिषेक किया। प्राचीन प्रतिमा और शिवलिंग का अभिषेक कर भगवान की विशेष पूजा-अर्चना की गई।
इस दौरान संभाग आयुक्त आशीष सिंह, अध्यक्ष एवं कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, मंदिर प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक सहित मंदिर प्रबंध समिति के अधिकारी और अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।
पूजन-अभिषेक संपन्न होने के बाद आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पट खोल दिए गए। मध्यरात्रि से ही श्रद्धालु भगवान नागचन्द्रेश्वर के दर्शन के लिए पहुंचने लगे। नाग पंचमी के विशेष संयोग को लेकर मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। महाकालेश्वर मंदिर के द्वितीय तल पर विराजित भगवान नागचन्द्रेश्वर की प्रतिमा धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से बेहद विशेष मानी जाती है।
क्या है मान्यता
मान्यता है कि नाग पंचमी के दिन भगवान नागचन्द्रेश्वर के दर्शन का विशेष महत्व है। इसी कारण इस एक दिन के दर्शन के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं। नाग पंचमी को देखते हुए श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति और जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।

