कानपूर:- बिधनू में गुरुवार सुबह चालक व क्लीनर समेत 21 फैक्ट्री कर्मियों से भरी बस डंपर की टक्कर से अनियंत्रित होकर रामगंगा नहर में पलट गई। स्थानीय लोगों ने नहर में आधी डूबी बस की खिड़कियों को तोड़कर सभी फंसे कर्मियों को बाहर निकालकर बस की बाडी में खड़ा किया। इसके बाद पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सीढ़ी लगाकर सभी को सुरक्षित नहर से बाहर निकाला।
कैसे हुआ हादसा
औरैया निवासी निजी बस चालक इंद्रपाल पड़ोसी क्लीनर मोहनलाल के साथ गुरुवार सुबह साड़-कुढ़नी से 19 फैक्ट्री कर्मियों को बैठाकर कानपुर देहात रानियां स्थित ट्राई डेंट फैक्ट्री जा रही थी। बस बिधनू रामगंगा नहर पुल से गुजर रही थी, तभी सामने से आए तेज रफ्तार डंपर ने बस को टक्कर मार दी। जिससे चालक ने स्टेरिंग से नियंत्रण खो दिया। जिससे बस पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नहर में जा गिरी।
मची चीख-पुकार
गनीमत रही कि नहर में पानी कम था। जिससे बस पूरी तरह डूब नहीं सकी। हादसे के बाद बस में सवार कर्मियों में चीख-पुकार मच गई। कुछ मजदूरों ने हिम्मत दिखाते हुए बस की खिड़कियां तोड़ीं और बाहर निकलकर बस की बाडी पर होकर मदद के लिए आवाज लगाने लगे। तभी स्थानीय लोगों की भीड़ नहर में कूदकर बस की सभी खिड़कियां तोड़कर फंसे सभी कर्मियों को एक एक करके बाहर निकाल लिया।

