हैदराबाद:- हैदराबाद के गाचीबोवली के अंजैया नगर में निर्माणाधीन सात मंजिला इमारत के अचानक गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई. हादसे की खबर मिलते ही फायर और डीआरएफ के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया. रेसक्यू ऑपरेशन के दौरान मलबे से दो शव निकाले गए.
यह इमारत एक स्टॉर्मवॉटर ड्रेन के बगल में 50-स्क्वायर-यार्ड के प्लॉट पर बनी थी. बिल्डिंग के अचानक गिरने से वहां मौजूद लोग घबरा गए. पुलिस ने मरने वालों की पहचान उमेश कारे और मोपत के रूप में की है. टाइल बिछाने का काम करने वाले दोनों मजदूर मध्य प्रदेश के रहने वाले थे. वे कोंडापुर में रहकर मजदूरी का काम करते थे.
सीएमसी कमिश्नर सृजना ने मौके का मुआयना किया
वहीं, ढहती बिल्डिंग का मलबा पास के अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स पर गिरने से दो बुजुर्ग घायल हो गए. वहीं, इस घटना के बाद पास के हॉस्टल के छात्र घबराकर चीखते हुए बाहर भागे. इस बीच, विधायक अरेकापुडी गांधी और साइबराबाद म्युनिसिपल कमिश्नर सृजना ने मौके का मुआयना किया. उन्होंने हादसे की वजह पूछी और स्टाफ को राहत काम तेज करने का निर्देश दिया. राहत बचाव कार्य जारी है. वहीं मलबे में कुछ लोगों के फंसे होने की भी आशंका जताई जा रही है.
स्थानीय लोगों ने चिंता जताई कि अगर हादसा शाम को होता तो जान का नुकसान और भी ज्यादा हो सकता था. अभी मौके पर एनडीआरएफ की टीमें, दमकल कर्मी और पुलिस मौके पर राहत बचाव कार्य में जुटी हुई है.
हाइड्रा कमिश्नर रंगनाथ मौके पर पहुंचे और मीडिया से बात की. उन्होंने बताया कि 50 स्क्वेयर यार्ड के प्लॉट पर सात मंजिला इमारत बनाया गया था, जिसके ऊपर एक पेंटहाउस भी बनाया जा रहा था. उन्होंने बताया कि बिल्डिंग के गिरने से दो मौतें हो गई. उन्होंने कहा कि, अंजैया नगर में ऐसी कई बिल्डिंग हैं. रंगनाथ ने दोहराया कि नियमों का उल्लंघन करने वाली बिल्डिंग गिरा दी जाएंगी.
उन्होंने बताया कि इन बिल्डिंग का इस्तेमाल हॉस्टल के तौर पर किया जा रहा है और बताया कि स्थानीय लोगों का कहना है कि बिल्डर साजिद की बनाई सभी बिल्डिंग में ऐसी ही दिक्कतें हैं. उन्होंने कहा कि इन सभी बिल्डिंग को कुछ ही दिनों में गिरा दिया जाएगा. अधिकारियों ने कहा कि वे मालिकों को इन सभी बिल्डिंग को खाली करने की सलाह दे रहे हैं. रंगनाथ ने इस बात पर गुस्सा जताया कि स्टॉर्म-वॉटर ड्रेन (नाला) पर कब्जा करके बिल्डिंग बेतरतीब ढंग से बनाई गई हैं. उन्होंने घोषणा किया कि अंजैया नगर में एक स्पेशल ड्राइव चलाई जाएगी.
बिल्डर की तलाश
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिल्डिंग बिना इजाजत के जीएचएमसी के नियमों का उल्लंघन करके और गुणवत्ता मानक को पूरी तरह नजरअंदाज करके बनाई गई थी. उनका दावा है कि बिल्डिंग ताश के पत्तों की तरह ढह गई क्योंकि इसे जल्दबाजी में और सही सुरक्षा नियमों का पालन किए बिना बनाया गया था. इस बीच, खबर है कि पुलिस बिल्डिंग बनाने वाले बिल्डर साजिद की तलाश कर रही है. पुलिस ने कहा कि घटना के बारे में और जानकारी अभी पता नहीं चली है.
