पखांजुर : नक्सलियों का उत्पात लगातार जारी है। माओवादी क्षेत्र में अपनी दहशत बरकरार रखने के लिए किसी न किसी घटना को अंजाम देते रहते हैं। इस बार क्सलियों ने ओरछा मार्ग में जमकर उत्पात मचाया है और आमदई माइंस के एक वाहन को आग के हवाले कर दिया। वाहन पूरी तरह से जलकर खाक हो गया।
वहीँ नक्सलियों ने सड़क पर पेड़ काटकर मार्ग को बाधित कर दिया। घटना ओरछा मार्ग पर कापसी गांव की है। नारायणपुर-ओरछा मार्ग में नक्सलियों ने उत्पात मचाते हुए आमदई माइंस के एक वाहन को रोककर आगजनी की घटना को अंजाम दिया है जिससे वाहन पूरी तरह से जलकर खाक हो गया है। नारायणपुर से ओरछा मार्ग पर लगभग 15 किलोमीटर दूर कापसी गांव के पास सुबह 3:30 बजे माइंस के वाहन जा रहा था।
सामने दो पेड़ सड़क पर गिरे हुए देखकर ड्राइवर ने वाहन रोका, जिसके बाद ग्रामीण वेशभूषा में लगभग 8 से 10 की संख्या में नक्सली निकले। नक्सलियों ने वाहन के ड्राइवर और कंडक्टर को वहां से भगा दिया जिसके बाद डीजल टैंक को फोड़कर डीजल पूरी गाड़ी में छिड़काव कर आगजनी की घटना को अंजाम दिया। जिसके चलते क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है, सड़कों पर आवाजाही रुकी हुई है। घटना की पुष्टि नारायणपुर एसपी पुष्कर शर्मा ने की है।


